इन तीन भाजपा नेताओं के मास्टर स्ट्रोक से काशीपुर की राजनीति में हलचल बढ़ी, आगामी निकाय चुनाव मे मेयर दावेदार भी हो सकते है क्या यह, पढ़िये एक्सक्लुसिव रिपोर्ट

काशीपुर (काशीभूमि ब्यूरो)। आखिरकार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। इस नई टीम में काशीपुर से तीन चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जहाँ चौधरी खिलेंद्र सिंह को भाजपा प्रदेश महामंत्री के भारी भरकम पद को नवाजा गया है तो वही पूर्व टीम में भी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रहे इंतजार हुसैन को एक बार फिर उसी जिम्मेदारी को दिया गया है। उधर अब तक जिला उपाध्यक्ष का पद सम्भाल रहे गुरविंदर सिंह चंडोक को प्रदेश टीम में जगह दी गई है। उन्हें प्रदेश मंत्री बनाया गया है। इस बार की टीम में आशीष गुप्ता जगह बनाने में कामयाब नही हो पाए। काशीपुर को मिली इन अहम जिम्मेदारियों के बाद स्थानीय कार्यकर्ता गदगद नजर आ रहे है। भले ही भाजपा इस नई टीम से जातिगत सन्तुलन के साथ ही कई अन्य सन्तुलन साधे जाने की बात कह रही है। पर अगर काशीपुर की भाजपा राजनीति के इन तीनों ही नेताओं की बात करें तो संगठन में मिली जिम्मेदारी के बाद यह तय हो गया कि आगामी 2023 में होने वाले निकाय चुनाव में क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा सीटें जितवाना भी इन्ही की जिम्मेदारी पार्टी तय करेगी। भाजपा के स्थानीय पार्षद से अब प्रदेश मंत्री बने गुरविंदर सिंह चंडोक की ताजपोशी चौकाने वाली है। मृदु व्यवहार के धनी व क्षेत्र में 108 के नाम से पहचाने जाने वाले चंडोक को भाजपा के प्रति उनकी वफादारी का इनाम पार्टी नें उन्हें दिया है। खुद को मिलने वाली सभी जिम्मेदारियों को जिस बखूबी से चंडोक निभाते रहे है, यह पार्टी में उनके बढ़ते कद की ओर इशारा करता है, वही अब तक प्रदेश उपाध्यक्ष का पद सम्भाल रहे चौधरी खिलेंद्र सिंह ने भी प्रदेश महामंत्री पद पर ताजपोशी से सिद्ध कर दिया कि संगठन से लेकर सरकार और फिर संघ में उनकी पकड़ सबसे ज्यादा मजबूत है। इंतजार हुसैन अपनी ईमानदार कार्यशैली व पार्टी के प्रति समर्पण का इनाम पाने में सफल हुए है। ऐसे में आगामी निकाय चुनाव में इन्ही तीनो में से कोई एक निकाय चुनाव में निगम मेयर की मजबूत दावेदारी तक पहुँच जाए तो कोई बड़ी बात नही होगी